प्रोन्नत मध्य विद्यालय खड़िहारा उर्दू (बालक) प्रखंड बाराहाट जिला बांका में इको क्लब के नेतृत्व में सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता प्रधानाध्यापक उमाकांत कुमार ने की। प्रधानाध्यापक ने सभी छात्र/छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा की बिहार सरकार ने 2019 में जल जीवन हरियाली मिशन का शुभारंभ किया था। भारत सरकार ने 2022 में मिशन लाइफ की शुरुआत की है जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों का समाधान करना है। इको क्लब स्कूली बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने और उनकी क्षमताओं के विकास की एक महत्वपूर्ण पहल है। ये क्लब बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण , कचरा प्रबंधन , जल संरक्षण , ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हैं। हम जानते हैं कि आज के समय में जलवायु परिवर्तन एक गंभीर चुनौती बन गया है जिसका प्रभाव हमारे संपूर्ण इकोसिस्टम पर पड़ रहा है। वनों की अत्यधिक कटाई, जीवाश्म ईंधन का अत्यधिक उपयोग और प्रदूषण के कारण वातावरण में ग्रीन हाउस गैसों का स्तर बढ़ रहा है जो ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु अस्थिरता का कारण बन रहा है । इस परिवर्तन का असर सभी जीवों पर पड़ रहा है चाहे वह वनस्पति हो या वन्य जीव हो या फिर मनुष्य। छोटे-छोटे प्रयास जैसे पानी बचाना , बिजली की खपत कम करना, पौधे को लगाना,कचरे को सुरक्षित निपटान, पराली जलाने के दुष्परिणामों के प्रति किसानों को जागरूक करना आदि बड़े बदलाव ला सकते हैं। साथ ही आप सभी समुदाय और परिवार में परिवर्तन दूत की महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इको क्लब की बैठक में निर्णय लिया गया कि विद्यालय परिसर में पौधारोपण के अतिरिक्त गांव के खाली स्थान पर पौधारोपण के लिए सामूहिक प्रयास करना और पोषक क्षेत्र में स्वच्छता, जल संरक्षण ,ऊर्जा संरक्षण एवं वन संरक्षण के लिए जागरूकता रैली का आयोजन किया जाएगा। पराली जलाने के दुष्परिणामों के प्रति किसानों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम अंतर्गत पोषक क्षेत्र के किसानों को आमंत्रित कर पराली जलाने के दुष्परिणामों की चर्चा की जाएगी।प्रधानाध्यापक एवं नोडल टीचर सुबहान अंसारी ने विद्यालय में पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। क्लब के सदस्यों ने विद्यालय में बीस पौधे लगाए। नोडल टीचर सुबहान अंसारी के देखरेख में पौधारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत क्लब के बीस बच्चों ने 'एक पेड़ एक छात्र अभियान ' की शुरुआत की जिसमें प्रत्येक सदस्य ने एक-एक पौधे को गोद लिया। क्लब अध्यक्ष तैय्यबा एवं सचिव हनीफा नूर के नेतृत्व में क्लब के सदस्य इन पौधों का संरक्षण करेंगे। इंवॉल्व लर्निंग सॉल्यूशन फाउंडेशन के राम प्रकाश यादव भी कार्यक्रम में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक विनोद कुमार राय , इमरान आलम , निरंजन कुमार सिंह, अविनाश कुमार , कहकंशा शबनम, गुल अफशा , फैयाज आलम एवं तालिमी मरकज हसन रजा ने सक्रिय भूमिका निभाई।

0 टिप्पणियाँ