डिजिटल शिक्षा और नवाचारों में बिहार के अलावा राष्ट्रीय स्तर पर छाप छोड़ने वाली बिहार का सबसे बड़ी प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी टीचर्स ऑफ बिहार : द चेंज मेकर्स समूह द्वारा स्थापना के 6 वर्ष पूरे होने पर ए एन सिन्हा इंस्टीट्यूट पटना के सभागार में वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग बिहार के अपर मुख्य सचिव डॉ एस सिद्धार्थ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तथा शिक्षा विभाग बिहार के सचिव सह एसपीडी अजय यादव एवं एस सी ई आर टी के निदेशक सज्जन आर बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों के संग टीओबी के संस्थापक शिव कुमार एवं राज्य तकनीकी टीम लीडर शिवेंद्र सुमन ने दीप प्रज्वलित कर किया।
नवाचारी एवं डिजिटल तकनीक से सशक्त शिक्षकों के समूह टीचर्स ऑफ़ बिहार के सदस्यों को संबोधित करते हुए शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने समूह से जुड़े शिक्षकों के नवाचार की सराहना की एवं कहा कि शिक्षक की नौकरी अन्य नौकरियों से अलग है । इन पर बेहतर समाज निर्माण की जिम्मेदारी होती है। इसलिए शिक्षक कल के भविष्य यानी बच्चों को सर्वोपरि रखें। अपनी तकलीफ को भूलकर बच्चों के कल्याण के लिए कार्य करें। शिक्षकों का कल्याण करने के लिए सरकार है। मौके पर नवाचारी शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। नवाचारी गतिविधियों एवं कॉविड संक्रमण काल में टीचर्स ऑफ़ बिहार के ऑनलाइन प्लेटफार्म स्कूल ऑन मोबाइल के माध्यम से सरकारी विद्यालयों के बच्चों की पढ़ाई जारी रखने एवं विद्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बांका जिले के पांच शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले में स्कूल ऑन मोबाइल का राज्य टीम लीडर उमाकांत कुमार, प्रधानाध्यापक ,प्रोन्नत मध्य विद्यालय खड़ीहारा(उर्दू) बालक बाराहाट, टीचर्स ऑफ बिहार के डिस्ट्रिक्ट मेंटर राघवेंद्र कुमार झा, मध्य विद्यालय लखपुरा (बालक) , स्कूल ऑन मोबाइल टीम के सदस्य कविता कुमारी , नव प्राथमिक विद्यालय सिरमाटीकर बाराहाट , टीओबी बाल मंच के प्रधान संपादक रूबी कुमारी ,प्रो मध्य विद्यालय सरौनी बौसी एवं फोटो ऑफ द डे के सदस्य ज्योति कुमारी मध्य विद्यालय भनरा चांदन को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। ज्ञातव्य हो कि टीचर्स ऑफ बिहार सरकारी विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यालयों को सपोर्ट कर नवाचार एवं डिजिटल लर्निंग हेतु सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है । यह कार्य सरकारी विद्यालय के शिक्षकों द्वारा ही आपसी समन्वय कर किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले में प्रोन्नत मध्य विद्यालय खड़ीहारा उर्दू (बालक) का शून्य निवेश आधारित अपना वेबसाइट संचालित है जिसके माध्यम से विद्यालय अपनी गतिविधियों को अपने सभी हितधारकों के बीच मजबूती से साझा कर रहा है। उक्त कार्यक्रम में पूरे राज्य से 200 नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

0 टिप्पणियाँ